दो ट्रेनों से 115 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद, तस्कर हुए फरार

दिलदारनगर (गाजीपुर)। समर स्पेशल ट्रेनों के सहारे हो रही शराब तस्करी पर अब सुरक्षा एजेंसियों की पैनी नजर है। शुक्रवार की भोर में ऑपरेशन “सतर्क” के तहत जीआरपी व आरपीएफ की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग ट्रेनों से कुल 115 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब व बीयर बरामद की है। हालांकि, इस कार्रवाई में कोई भी तस्कर गिरफ्त में नहीं आया।

आरपीएफ निरीक्षक महेन्द्र दुबे ने बताया कि उन्हें मुखबिर से सूचना मिली थी कि ट्रेन संख्या 09033 बरौनी समर स्पेशल के बी-2 कोच के बैटरी बॉक्स में भारी मात्रा में शराब छिपाई गई है। सूचना के आधार पर ट्रेन को दिलदारनगर स्टेशन पर विशेष ठहराव दिलाकर जीआरपी प्रभारी जैदान सिंह व आरपीएफ की टीम ने बैटरी बॉक्स की तलाशी ली। तलाशी के दौरान 94 लीटर अंग्रेजी शराब और बीयर बरामद की गई। तलाशी के दौरान कोई संदिग्ध व्यक्ति मौके पर मौजूद नहीं मिला।

इसी क्रम में ट्रेन संख्या 06211 दरभंगा समर स्पेशल को भी स्टेशन पर विशेष रूप से रोका गया। इसके एस-5 कोच के बाथरूम में प्लाई हटाकर तलाशी लेने पर 21 लीटर अंग्रेजी शराब व बियर बरामद की गई। इस ट्रेन में भी किसी व्यक्ति ने शराब पर दावा नहीं किया और न ही कोई संदिग्ध व्यक्ति मिला।

जीआरपी ने दोनों ट्रेनों से बरामद कुल 115 लीटर शराब को लावारिस माल के रूप में चौकी पर दाखिल कर लिया है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *