जमानियां (गाजीपुर)। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के कसेरा पोखरा गांव में 21 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने का मामला सामने आया है। सूचना पर पहुँची पुलिस शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कारवाई में जुट गई है। वहीं मायके पक्ष ने दहेज हत्या का आरोप लगाया है।
बताया जा रहा है कि कसेरा पोखरा गांव निवासिनी विवाहिता ज्योति पत्नी अरविंद बिंद रविवार की दोपहर करीब 3 बजे घर के रोशनदान में संदिग्ध परिस्थितियों में गमछे के सहारे फांसी के फंदे पर लटकी हुई देखी गई। इस घटना की सूचना विवाहिता के पिता को लठिया गांव निवासी बुआ ने दी।
बेटी की मृत्यु की खबर पाकर ग्राम ओदरा थाना धीना जनपद चंदौली निवासी पिता ओमप्रकाश बिंद जमानियां कोतवाली पहुँचे और पति, सास व ससुर के खिलाफ दहेज हत्या की तहरीर दी। दिए गए तहरीर में पीड़ित पिता ओमप्रकाश ने बताया कि उसकी पुत्री की शादी 21 अप्रैल 2024 में कसेरा पोखरा निवासी अरविंद बिंद पुत्र रामकृत बिंद के साथ हुई थी।
शादी में दहेज के रूप में मोटरसाइकिल नहीं दिए जाने को लेकर उनकी पुत्री को मारपीट कर प्रताड़ित करते रहते थे। इसे लेकर बेटी के ससुराल वालों से बेटी को प्रताड़ित न करने की गुहार भी लगाई। लेकिन वो मानने को तैयार नहीं थे और 15 जून रविवार की दोपहर मेरी बेटी की ससुराल पक्ष के लोगों ने हत्या कर दी। पीड़ित पिता ओमप्रकाश ने पति, सास व ससुर के खिलाफ दहेज हत्या की तहरीर दी है।
उप निरीक्षक अरुण पांडेय ने बताया कि विवाहिता के शव को कब्जे में लिया गया है तहरीर के आधार पर आवश्यक कारवाई की जा रही है।










