जमानियां (गाजीपुर)। दिल्ली – हावड़ा मुख्य रेल लाइन पर रविवार को रेलवे के गतिशक्ति विभाग द्वारा ढाई घँटा का ब्लॉक लगाकर स्थानीय रेलवे स्टेशन पर निर्माणाधीन तीन मीटर चौड़ा रेलवे ओवर ब्रिज पर गार्डर लांचिंग का कार्य किया गया। इससे अप में मेमू पैसेंजर तो डाउन में तीन ट्रेनों को भी नियंत्रित कर चलाया गया। निर्माणधीन रैम्प वाला ब्रिज के बन जाने से दिव्यांगजन और मरीजो को काफी सहूलियत होगी।
रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म एक से दो पर जाने के लिए रेलवे की ओर से नया रैंप वाला रेलवे ओवर ब्रिज बनाया जा रहा है। हालांकि पुराना ब्रिज भी यथावत ही रहेगा। नया ब्रिज का गार्डर लांचिंग के कार्य के लिए रेलवे की गति शक्ति विभाग की ओर से दानापुर नियंत्रण कक्ष ओर से अप व डाउन लाइन में सुबह 10: 10 से दोपहर 12:40 बजे तक ढाई घँटा का ब्लॉक लेकर लोहे का गार्डर चढ़ाया गया।
इस कारण अप में पटना से वाराणसी को जाने वाली 63233 मेमू पैसेंजर अपने नियत समय सुबह 10:06 के बजाय 3:02 बजे और 1329 पटना पीडीडीयू मेमू दोपहर 11:42 के बजाय 3:15 बजे पहुंची। वहीं डाउन में अहमदाबाद बरौनी एक्सप्रेस को 90 मिनट प्रयागराज डिवीजन द्वारा नियंत्रित कर और पीडीडीयू व धीना के बीच आधा घँटा रोक कर चलाया गया।
इसी तरह ब्रह्मपुत्र मेल को एक घँटा प्रयागराज डिवीजन द्वारा नियंत्रित कर चलाया गया। वहीं आनंद बिहार मालदा टाउन एक्सप्रेस ट्रेन को डेढ़ घँटा लखनऊ डिवीजन द्वारा रोक कर चलाया गया तथा आधा घँटा पीडीडीयू व धीना के बीच ब्लॉक के दौरान रोक कर चलाया गया।
वहीं मेमू पैसेंजर ट्रेन के घँटा देरी से पहुँचने से लोकल यात्रियों को भारी परेशानी हुई।अप में मेमू पैसेंजर के देरी से चलने से डाउन लाइन में भी घंटो देरी से चली।
दिलदारनगर सेक्शन के यातायात निरीक्षक संजय प्रसाद ने बताया कि जमानियां में रेलवे ओवर ब्रिज के गार्डर लांचिंग के कारण 150 मिनट का ब्लॉक लेकर कार्य होने से मेमू पैसेंजर सहित अन्य ट्रेनों का परिचालन देरी से हुआ।










