दिलदारनगर (गाजीपुर)। मामूली से कागज उड़ने के विवाद में हुई मारपीट के दौरान सिर में गंभीर चोट लगने से घायल उसिया गांव के दक्षिण मोहल्ला निवासी जीतन यादव (45) की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को शनिवार की सुबह वायरलेस मोड़ के पास से गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त फावड़े का बेट भी बरामद किया गया है। वहीं, दो अन्य आरोपी अब भी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।
जानकारी के अनुसार, 2 जून को जीतन यादव के घर की छत से उड़कर एक कागज पट्टीदार फेरु यादव के घर में चला गया था। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। जीतन यादव कागज लेने पड़ोसी के घर पहुंचे, जहां विवाद ने उग्र रूप ले लिया। आरोप है कि पट्टीदार पक्ष के लोगों ने फावड़े के बेट से जीतन यादव के सिर पर वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे उनके भाई बबुआ यादव को भी पीटकर घायल कर दिया गया।
परिजन दोनों घायलों को नगर के एक निजी अस्पताल ले गए। वहां से हालत गंभीर देख दोनों को जिला अस्पताल होते हुए वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान जीतन यादव की मौत हो गई, जबकि बबुआ यादव अब खतरे से बाहर हैं।
पुलिस ने मृतक के भाई की तहरीर पर चार के खिलाफ हत्या समेत विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू की। थाना प्रभारी अशोक मिश्र ने बताया कि इस मामले में नामजद आरोपी रणजीत यादव और लोरिक यादव को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। दो अन्य आरोपी अनिल यादव और रिकेश यादव की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।










