जमानियां (गाजीपुर)। स्थानीय कस्बा व स्टेशन बाजार में दुकानदारों के बीच उस वक्त हड़कंप मच गया, जब सोमवार की दोपहर तहसील, पुलिस व नगर पालिका प्रशासन की संयुक्त टीम जेसीबी के साथ बाजार से अतिक्रमण हटाने पहुँच गयी।
स्थानीय कस्बा बाजार व स्टेशन बाजार में सड़क पटरियों पर दुकानदारों द्वारा किये गए कब्जे को लेकर गंभीर जिलाधिकारी के निर्देश पर सोमवार की दोपहर एसडीएम ज्योति चौरसिया, क्षेत्राधिकारी राम कृष्ण तिवारी व नगर पालिका की संयुक्त टीम ने अतिक्रमण अभियान चला कर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की।
सर्व प्रथम कस्बा बाजार के ब्लाक तिराहा से गन हाउस तक सड़क की दोनों पटरियों पर से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। जिससे दुकानदारों में अफरा तफरी मची रही। इसके बाद प्रशासनिक अधिकारियों की टीम अतिक्रमण हटाने स्टेशन बाजार में पहुँची, जहां रोडवेज बस स्टैंड से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की गई। इस दौरान सब्जीमंडी, गांधी चौक, रेलवे स्टेशन मार्ग होते हुए राधा कृष्ण मंदिर रोड तक सड़क पटरियों पर से अतिक्रमण हटाया गया और दुकानदारों को दोबारा अतिक्रमण न करने की चेतावनी दी गयी।

वहीं कुछ दुकानदारों द्वारा सड़क पटरी पर लगाये गए टीन शेड को जेसीबी से हटाया गया। प्रशासन की इस औचक कार्रवाई से पटरी पर अतिक्रमण किये हुए दुकानदारों में हड़कंप मचा रहा। एसडीएम ज्योति चौरसिया ने अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों को चेतावनी देते हुए कहा कि सड़क पटरी पर अतिक्रमण ना करें अन्यथा दोबारा पकड़े जाने पर कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि नगर पालिका प्रशासन द्वारा पिछले दिनों सड़क पटरी से अतिक्रमण हटाने को लेकर सार्वजनिक सूचना प्रसारित कराया गया था। बावजूद इसके दुकानदारों ने अतिक्रमण नहीं हटाया। जिसके बाद प्रशासन ने सख्ती दिखाते हुए अतिक्रमण अभियान चलाकर सड़क पटरियों पर से अतिक्रमण हटाया।
उक्त मौके पर तहसीलदार रामनारायण वर्मा, विजय शंकर राय, अरविंद राय, सत्येंद्र सहित पुलिसकर्मी मौजूद रहे।










