जमानियां (गाजीपुर)। स्थानीय रेलवे स्टेशन के करजही गांव के पास रविवार की सुबह करीब 9:30 बजे डाउन रेल लाइन के किनारे ट्रेन से गिर कर घायल एक अज्ञात युवक मौत हो गई। सूचना पर पहुंची चौकी पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मृतक के पहचान में जुट गई।
बताया जा रहा है कि रविवार की सुबह बाजार के रेलवे फाटक से कुछ दूरी पर डाउन रेल लाइन के किनारे स्थित शिव मंदिर करजही के पास किसी ट्रेन से एक अज्ञात युवक रेल पटरी के किनारे गिर गया। अंदरूनी चोट लगने के कारण वह दर्द से छटपटाने लगा। यह देख मौजूद लोगों ने उसे उठाकर किनारे किया और 108 नं एंबुलेंस को फोन कर चौकी पुलिस को घटना की जानकारी दी।

जब तक एंबुलेंस मौके पर पहुंचता तब तक दर्द से छटपटा रहे युवक ने अपना दम तोड़ दिया था। घटनास्थल पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने मृत युवक के शव को एंबुलेंस से पीएचसी ले गई, जहां चिकित्सक ने युवक को मृत घोषित किया।
मृतक के जेब से आज की तारीख का गया से चेन्नई तक का साधारण रेल टिकट तथा 7- 8 पत्ता भांग की गोली पाया गया। मृतक के पास से ऐसा कोई कागजात नहीं मिला जिससे उसकी पहचान हो सके। सोशल मीडिया पर मृतक का फोटो डालकर पुलिस शव के पहचान में जुटी हुई है।
इस संबंध में कोतवाल प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि मृतक की पहचान नहीं होने कारण शव को मोर्चरी में भेजा गया है।










