जमानियां (गाजीपुर)। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के खलीलन चक व मंझरिया बाड़ में शनिवार की सुबह अवैध मिट्टी खनन पर तहसील प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए दो रैपर मशीन व दो ट्रैक्टर जब्त किया। तहसील प्रशासन द्वारा पकड़े गए वाहनों को स्थानीय कोतवाली पुलिस को सुपुर्द कर आगे की कार्रवाई के लिए खनन विभाग को पत्र भेजा गया है।
जिलाधिकारी के निर्देश पर तहसीलदार राम नारायण वर्मा व नायब तहसीलदार जितेंद्र कुमार द्वारा यह कार्रवाई की गई। दोनों अधिकारी शनिवार की सुबह मौके पर पहुंचे तो खलीलानचक व मंझरिया बाड़ में अवैध रूप से मिट्टी खनन होता मिला। अवैध खनन होते देख खनन में प्रयुक्त दो रैपर मशीनें और दो ट्रैक्टरों को जब्त कर कोतवाली लाया गया।
तहसीलदार राम नारायण वर्मा ने बताया कि अवैध मिट्टी खनन किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। खनन करने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि भविष्य में इस प्रकार की गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने पर कठोर दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।










