जमानियां (गाजीपुर)। रघुनाथपुर गांव में मंगलवार की सुबह खेत में टूटकर गिरे केबिल तार की चपेट में आने से बाल मुकुंद (25वर्ष) की मौत हो गई। घटना से परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। पुलिस शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कारवाई में जुट गई है।
मृतक के परिजनों के मुताबिक सुबह करीब 11 बजे बालमुकुंद अपने घर के पास खेत में मिट्टी का कार्य कर रहा था। इसी दौरान पहले से टूटकर गिरे बिजली के तार की चपेट में आ गया। करंट लगते ही बालमुकुंद बेहोश होकर गिर पड़ा। ग्रामीण जब तक मौके पर पहुंचते और तार से अलग करते तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

ग्राम प्रधान प्रतिनिधि दयाराम दास ने बताया कि सोमवार की रात आई आंधी और बारिश के कारण पोल से घर को गया केविल बिजली टूट कर खेत में गिर गया था, जिसकी जानकारी किसी को नहीं थी। बालमुकुंद का छोटा भाई कृष्ण मुरारी भी पास ही था जिसने बड़े भाई को जमीन पर गिरा देखा तो शोर मचाया। शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और किसी तरह उसे तार से अलग किया लेकिन तब तक बालमुकुंद के प्राण पखेरू उड़ गए थे।
सूचना पर स्थानीय पुलिस और राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। सूचना पर पहुंचे जिला पंचायत सदस्य बसंत यादव ने इस दुखद घटना पर अपनी संवेदना व्यक्त की।

बालमुकुंद पांच भाई में तीसरे स्थान पर था। पुत्र के मौत से माता दुर्गा देवी बेसुध हो गई। इस संबंध में कोतवाल प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कारवाई की जा रही है।










