45 पाउच देशी शराब के साथ एक अभियुक्त गिरफ्तार

जमानियां (गाजीपुर)। स्थानीय कोतवाली पुलिस ने सोमवार को अवैध शराब के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 45 पाउच ब्लू लाइम देशी शराब के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है।

जानकारी के मुताबिक, उपनिरीक्षक अजय कुमार को मुखबिर से सूचना मिली कि एक युवक अवैध देशी शराब के साथ एनएच 24 स्थित हेतिमपुर पुलिया के पास एक निजी स्कूल के नजदीक मौजूद है। सूचना पर तत्परता दिखाते हुए पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी कर अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार अभियुक्त ने पूछताछ में अपना नाम 23 वर्षीय प्रेमशंकर उर्फ लक्ष्मण बिन्द पुत्र लालू प्रसाद, निवासी राजपुर पोखरा, थाना जमानियां, जनपद गाजीपुर बताया। तलाशी लेने पर उसके पास से 45 पाउच ब्लू लाइम देशी शराब बरामद हुई।

पुलिस ने बरामदगी के आधार पर अभियुक्त के विरुद्ध धारा 60 आबकारी अधिनियम के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *