जमानियां (गाजीपुर)। स्थानीय स्टेशन बाजार के सब्जीमंडी में नगर पालिका विभाग द्वारा कराए जा रहे सीसी सड़क निर्माण का बुधवार की दोपहर एक बार फिर मुहल्ले के लोगों ने विरोध कर काम को बंद करा दिया। सूचना पर पहुंची नवागत एसडीएम ज्योति चौरसिया ने लोगों से वार्ता कर निर्माण कार्य को पुनः शुरू करा दिया।
जानकारी के मुताबिक नगर पालिका द्वारा विगत दिनों सब्जीमंडी में पुराने क्षतिग्रस्त सीसी सड़क के ऊपर ही नया सीसी सड़क का निर्माण कराया जा रहा था। जिसे मुहल्ले के लोगों द्वारा भारी विरोध के बाद बंद करा दिया गया। लेकिन बुधवार की दोपहर 12 बजे जैसे ही ठेकेदार द्वारा निर्माण कार्य शुरू कराया वैसे ही मुहल्ले के लोगों ने हंगामा शुरू कर कार्य को बंद करा दिया और एसडीएम को इसकी सूचना दी।
सूचना पाकर एसडीएम सहित तहसीलदार रामनारायण वर्मा, नायब तहसीलदार देवा कुमार व चौकी के पुलिसकर्मी मौके पर पहुंच गए और मुहल्ले के लोगों से वार्ता कर मामले की जानकारी ली। लोगों की मांग थी कि पुराने जर्जर सीसी सड़क को उखाड़कर पुनः सीसी सड़क का निर्माण कराया जाए। ताकि सीसी सड़क का लेवल लोगों के घरों के सतह से ऊपर ना हो और बरसात का पानी घरों में न जाए।
एसडीएम ने इस संबंध में मौके पर मौजूद नगर पालिका के जेई चन्दन राय से बात कर जानकारी ली। इसके बाद उन्हें निर्माण कार्य शुरू कराने के लिए निर्देशित किया।
इस सम्बन्ध में एसडीएम ने बताया कि निर्माण हो रहे सड़क का लेवल 2 इंच कम करके और नाली के पानी की निकासी का समुचित प्रबंध करके सड़क निर्माण कराने का निर्देश दिया गया है और निर्माण कार्य शुरू कराया गया है।










