जमानियां (गाजीपुर)। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के बहादुरपुर नहर पुलिया के नीचे नहर के पानी में गुरुवार की सुबह करीब 6 बजे एक अज्ञात युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के मुताबिक गुरुवार की सुबह राहगीरों ने नहर पुलिया के नीचे पानी में एक युवक का शव देख। शव मिलने की जानकारी होते ही ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। जिसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया और उसकी पहचान में जुट गई। कुछ देर बाद ही युवक की पहचान मृतक के पिता बृजमोहन यादव ने हरपुर निवासी अपने पुत्र 32 वर्षीय प्रिंस यादव के रूप में की। जिसके सिर पर कई चोट का निशान देखा गया।

उधर प्रिंस के मौत की खबर लगते ही परिजन घटना स्थल पर पहुंचे और रोने बिलखने लगे। मृतक के पिता बृजमोहन ने पुलिस को हत्या की तहरीर देकर बताया कि बीते बुद्धवार की शाम करीब 7 बजे प्रिंस के मोबाइल पर किसी का फोन आया और वह बाइक से कहीं चला गया। रात करीब साढ़े नौ बजे उसके मोबाईल पर फोन किया गया तो उसका मोबाइल स्विच ऑफ बताने लगा। इस पर देर रात तक उसकी काफी खोजबीन की गई लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला और गुरुवार की सुबह उसका शव बहादुरपुर नहर पुलिया के नीचे नहर में पाया गया।

मृतक प्रिंस की तीन पुत्री और एक पुत्र है। इस घटना से मृतक की पत्नी आशा देवी और मां विद्या देवी का रो रो कर बुरा हाल है। मृतक के पिता ने इस घटना को हत्या बताया है और शक के आधार पर गांव के ही 5 नामजद व कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या की तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
इस मामले में फॉरेंसिक टीम व एसओजी टीम जुट गई है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि फिलहाल यह मामला सड़क दुर्घटना का लग रहा है, इसके अतिरिक्त अन्य बिंदुओं पर भी छानबीन की जा रही है।