जमानियां (गाजीपुर)। समाजवादी पार्टी के युवजन सभा के प्रदेश सचिव फुल्ली गांव निवासी विजय कुमार यादव की तहसील दिवस में डीएम आर्यका अखौरी से शिकायत के बाद शनिवार को फुल्ली गांव में बने पानी टंकी से पानी सप्लाई शुरू कर दिया गया है। जिसे लेकर विजय यादव ने डीएम का आभार व्यक्त किया है।
विजय यादव ने बताया कि स्थानीय ब्लाक क्षेत्र के फुल्ली गांव में वर्ष 2020 में 5 करोड़ की लागत से बने पानी टंकी के शुभारंभ हुआ। लेकिन शुभारंभ होने के करीब 3 माह बाद ही वह शो पीस बन गया। करीब 4 साल बीतने के बाद भी जल निगम की उपेक्षा के कारण गांव में पानी सप्लाई शुरू नहीं हुआ।
बीते 9 जनवरी 2025 को तहसील दिवस में इसकी शिकायत किया गया। तब कागजों में ही इसका निस्तारण कर मुझे इसकी जानकारी दी गई। इसे लेकर पुनः आज शनिवार को मुख्य तहसील दिवस में जिलाधिकारी से इसकी शिकायत की। जिस पर डीएम ने जल निगम और बीडीओ से 10 दिन के अन्दर इस समस्या का निस्तारण करने के लिए निर्देशित किया और कहा कि कहीं से भी पाइप लीकेज न हों।
डीएम के निर्देश के कुछ घंटे बाद ही गांव में पानी टंकी से आपूर्ति शुरू हो गई। जिससे करीब 2500 हजार परिवार लाभान्वित होंगे। पानी टंकी से संबंधित कार्य पूर्ण होने में करीब 10-15 दिन का समय लगेगा। विजय यादव के इस प्रयास से गांव में खुशी व्याप्त है। वहीं विजय यादव ने जिलाधिकारी का आभार व्यक्त किया है।