जमानियां (गाजीपुर)। प्राथमिक स्तर के अध्यापकों व आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को क्षमता संवर्धन व उन्मुखीकरण हेतु स्थानीय ब्लाक संसाधन केंद्र यानी बीआरसी पर शनिवार की दोपहर ब्लाक स्तरीय ‘हमारा आंगन-हमारे बच्चे’ उत्सव व निपुण विद्यालय सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।
मुख्य अतिथि संतोष कुशवाहा ब्लाक प्रमुख प्रतिनिधि व विशिष्ट अतिथि बीडीओ बृजेश कुमार अस्थाना की उपस्थिति में कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय की छात्राओं ने स्वागत गीत व कसेरा पोखरा विद्यालय की छात्राओं ने सरस्वती वंदना गाया तत्पश्चात कार्यक्रम की शुरुआत की गई।
कार्यक्रम में प्री प्राइमरी से लेकर कक्षा 8 तक के बच्चे उपस्थित रहे। इस दौरान जिन विद्यालयों के बच्चे निपुण हुए थे उन्हें अतिथियों ने सम्मानित किया। जिसमें एनपीआरसी बघरी, देवढ़ी, देवरिया आदि के कक्षा 3 तक के 70 बच्चों को निपुण होने पर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान प्री प्राइमरी आंगनबाड़ी के कार्यक्रम ‘बाल वाटिका’ पर विशेष प्रकाश डाला गया।
उक्त अवसर पर एबीएसए सुरेंद सिंह पटेल, सुरेंद्र नाथ सिंह, विनोद कुशवाहा, मंगल देव सिंह, मिथिलेश सिंह, धर्मेंद्र सिंह, अरविंद कुमार सिंह, अर्चना सिंह, वंदना प्रजापति आदि उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन प्रतिभा सिंह और शशि शेखर उपाध्याय ने किया।










