जमानियां (गाजीपुर)। स्थानीय कोतवाली पुलिस ने रइमला नहर पुलिया के पास से शनिवार की देर रात 12:50 बजे दो अभियुक्तों को एक पिकअप में चोरी की चायपत्ती के साथ गिरफ्तार कर लिया। रविवार को पुछताछ के बाद दोनों अभियुक्तों को न्यायलय में पेश किया गया जहां से दोनों को जेल भेज दिया गया।
कोतवाली निरीक्षक श्याम जी यादव ने बताया की पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में संदिग्ध वाहन व व्यक्ति की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि आसाम के जलपाईगुड़ी से चोरी की गई चायपत्ती को पिकअप में लेकर चोर बिहार में बेचने जा रहे हैं। जिसपर पुलिस टीम रइमला नहर पुलिया के पास पहुंच गयी। जहां कुछ देर बाद रात्रि 12:50 बजे पिकअप वाहन आता हुआ दिखाई दिया। नजदीक आने पर पिकअप को रोक कर तलाशी लिया गया। तलाशी के दौरान पिकअप से 100 पैकेट चाय पत्ती, जिसका कुल वजन 2648 किलो, चोरी का बरामद हुआ।
पूछताछ में पकड़े गए एक अभियुक्त ने अपना नाम ओमप्रकाश यादव निवासी बाजार मुहल्ला, उसिया थाना दिलदारनगर तथा दूसरे ने अकबर सुलेमानी उर्फ जुम्मन निवासी तारनबांध थाना जमानियां बताया। पूछताछ में दोनों अभियुक्तों ने बताया कि हम जलपाईगुड़ी से चायपत्ती चोरी कर बिहार में बेचने जा रहे थे।










