जमानियां (गाजीपुर)। स्थानीय ब्लाक क्षेत्र के नरियांव गांव के पास सिंचाई निर्माण खंड द्वारा बनाया गया माइनर नहर पुलिया टूट कर क्षतिग्रस्त हो गया है। जिसे मौत की पुलिया कहा जाए तो यह कोई अतिशयोक्ति नहीं होगा।
ग्रामीणों के मुताबिक उमरगंज से पचोखर को जाने वाला प्रमुख मार्ग करीब एक साल से क्षतिग्रस्त अवस्था में चल रहा था। जिसे ग्राम प्रधान सच्चिदानंद पासवान व ग्रामीणों के सहयोग से ईंट की टुकड़ियां डाल कर किसी तरह से आवागमन को बरकरार रखने का प्रयास किया गया। लेकिन ग्रामीणों व ग्राम प्रधान का यह प्रयास उस वक्त धराशायी हो गया जब तीन चार दिन पूर्व इस पुलिया का आरसीसी टूट कर धंस गया। जिससे आवागमन करना काफी खतरनाक हो चुका है।

इस पुल से आवागमन करना मौत के मुंह मे जाने से कम नहीं है। ग्रामीणों की माने तो यह पुलिया कभी पूरी तरह से टूट कर माइनर नहर में बैठ सकता है। जिसके बाद आवागमन पूरी तरह से बंद हो जाएगा।
ग्राम प्रधान सच्चिदानंद पासवान ने बताया कि सिंचाई विभाग के अधिकारियों से कई बार इसकी शिकायत की गई लेकिन विभागीय अधिकारियों द्वारा इस पर कोई ध्यान नहीं दिया गया।
इस संबंध में सिंचाई निर्माण खंड वाराणसी के अवर अभियंता राजेश कुमार ने बताया कि पुलिया निर्माण का प्रस्ताव भेजा गया है।










