जमानियां (गाजीपुर)। स्थानीय स्टेशन बाजार के वार्ड नं 10 पटखौलीया मुहल्ले में 18/19 जून की रात एक बंद मकान में अज्ञात चोरों द्वारा लाखों के गहनों की चोरी की वारदात को अंजाम दिए जाने का मामला सामने आया है। जिससे नगरवासियों में दहशत का माहौल बना हुआ है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस मामले की तफ्तीश में जुटी हुई है।
स्टेशन बाजार के वार्ड नं 10 पटखौलीया मुहल्ला निवासिनी पूनम देवी पत्नी सतना कुमार ने बताया कि बीते 18 जून को वह अपने मकान में ताला बंद करके अपनी भाभी का इलाज कराने चन्दौली जनपद के सैयदराजा गयी हुई थीं, देर होने के कारण वह रात में वहीं रुक गयी। सुबह पड़ोसियों द्वारा जानकारी मिली कि मेरे घर में चोरी हुई है।

सूचना पाकर जब घर पहुँची तो देखा कि घर के मुख्य दरवाजे का ताला खुला हुआ था और अंदर कमरे का ताला तोड़कर बक्से में रखा 2 सोने की चैन, 3 सोने की अंगूठी, 1 मंगलसूत्र, 2 चांदी की करधनी, 1 चांदी की पैजनी, 1 सोने का झुमका, 1 सोने की बिंदी, एक जोड़ी चांदी का पायल, 6 जोड़ी चांदी का मीना तथा नगद 16 हजार रुपयों की अज्ञात चोरों द्वारा चोरी की गई थी।
इस घटना को लेकर गुरुवार की दोपहर कोतवाली में तहरीर देकर चोरी हुए आभूषणों और नगदी की बरामदगी तथा अज्ञात चोरों को पकड़ कर उनपर कार्रवाई की मांग की गई है। वहीं चोरी होने की सूचना पर पीड़िता के घर पहुँची स्टेशन चौकी पुलिस ने पीड़िता से पूछताछ कर घटना की तफ्तीश में जुट गयी है।
इस संबंध में चौकी प्रभारी अशोक कुमार सिंह ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर मामले की छानबीन कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।










