ट्रेन का इंजन हुआ फेल, दिलदारनगर में साढ़े तीन घंटा खड़ी रही राजधानी

दिलदारनगर (गाजीपुर)। हावड़ा–दिल्ली मुख्य रेलखंड के पटना–पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन मार्ग पर रविवार की देर रात दानापुर–एलटीटी फेस्टिवल स्पेशल ट्रेन का इंजन फेल हो जाने से ट्रेनों का परिचालन साढ़े चार घंटे तक बाधित रहा। धीना और सकलडीहा स्टेशन के बीच रात लगभग दो बजे ट्रेन नं 01144 फेस्टिवल स्पेशल ट्रेन के इंजन का एक्सल खराब हो गया, जिससे अप लाइन पर ट्रेनों का आवागमन ठप हो गया।

जानकारी मिलते ही पीडीडीयू से एआरटी (एक्सीडेंट रिलीफ ट्रेन) मौके पर पहुंची। एआरटी कर्मियों ने खराब इंजन को पांच किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से खींचकर सकलडीहा स्टेशन तक पहुंचाया, जिसके बाद सुबह 6:25 बजे परिचालन बहाल किया जा सका।

इस दौरान दिलदारनगर स्टेशन पर राजधानी एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनें घंटों खड़ी रहीं। डिब्रूगढ़ टाउन से दिल्ली जा रही 12423 राजधानी एक्सप्रेस भोर 3:05 बजे दिलदारनगर स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या तीन पर रुकी और परिचालन बहाल होने के बाद सुबह 6:27 बजे आगे रवाना हुई। इसके चलते पटना से लेकर जमानियां तक अप लाइन पर कई मेल, एक्सप्रेस, पैसेंजर, फेस्टिवल स्पेशल और अमृत भारत ट्रेनें रुकी रहीं।

दिलदारनगर सेक्शन के यातायात निरीक्षक संजय कुमार ने बताया कि धीना–सकलडीहा स्टेशन के बीच इंजन का एक्सल खराब होने से अप लाइन का परिचालन लगभग साढ़े चार घंटे बाधित रहा।

यह ट्रेनें रहीं खड़ी:

जमानियां: 13201 राजगीर–एलटीटी बांबे जनता एक्सप्रेस, 63231 मेमू पैसेंजर (दरौली)

दिलदारनगर: राजधानी एक्सप्रेस, जोगबनी–ईरोड अमृत भारत एक्सप्रेस

भदौरा: मुंबई एलटीटी फेस्टिवल स्पेशल

गहमर: अहमदाबाद एक्सप्रेस

चौसा: सीएसटीएम मुंबई सुपरफास्ट एक्सप्रेस

यह ट्रेनें पहुंचीं देरी से:

63233 बक्सर–पीडीडीयू मेमू, 13005 पंजाब मेल, 12333 विभूति एक्सप्रेस, 63229 आरा–वाराणसी मेमू, 12487 सीमांचल एक्सप्रेस, 15743 फरक्का एक्सप्रेस, 63233 पटना–वाराणसी मेमू तथा 13209 पटना–पीडीडीयू मेमू पैसेंजर।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *