जमानियां (गाजीपुर)। स्थानीय स्टेशन बाजार क्षेत्र के देवढ़ी नहर पुलिया के पास गुरुवार की सुबह करीब 5 बजे कंपोजिट शराब की दुकान से करीब चार सौ मीटर की दूरी पर खेत में संदिग्ध परिस्थितियों में एक युवक का लहूलुहान शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने के बाद घटना की तफ्तीश में जुट गई।
जानकारी के मुताबिक क्षेत्र के नई बाजार देवैथा मार्ग स्थित कंपोजिट शराब की दुकान देवढ़ी से महज 4 सौ मीटर की दूरी पर गुरुवार की सुबह करीब 5 बजे खेत में संदिग्ध परिस्थितियों में मृत अवस्था में पड़े एक अज्ञात युवक शव देखा गया। मृतक के सिर में गंभीर चोट लगने से खून बिखरा हुआ था तथा पास में ही एक घड़ी, कुछ रुपए और बीयर का केन पड़ा हुआ था। आशंका जताई जा रही है कि शराब पीने के बाद किसी ने सिर पर प्रहार कर युवक की हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया।
उधर शव मिलने की जानकारी होते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों ने घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी। सूचना पर पुलिस टीम के साथ पहुंचे क्षेत्राधिकारी रामकृष्ण तिवारी ने घटनास्थल पर पहुंच कर मामले की जानकारी ली और शव के शिनाख्त का प्रयास किया। काफी देर बाद जब शव की पहचान नहीं हुई तो शव को कब्जे में लेकर कोतवाली ले जाया गया। सुबह करीब साढ़े ग्यारह बजे मृतक की पहचान चंदौली जनपद के कंदवा थाना क्षेत्र के परसडीहा गांव निवासी विनोद कुमार बिंद (25) पुत्र स्व. रघुनाथ बिंद के रूप में मृतक के बड़े भाई रमेश द्वारा की गई।

मृतक की पत्नी वंदना ने पति की हत्या किए जाने का आरोप लगाते हुए पुलिस को बताया कि मेरे घर पर शिव चर्चा पूजन के बाद खाना खिलाया जा रहा था। रात करीब 10 बजे मेरे पति का चचेरा भाई शिव शंकर बिंद आया और मेरे पति को बुलाकर घर के बाहर ले गया। जहां पहले से ही चंदौली के जलालपुर का एक व्यक्ति मौजूद था, दोनों मेरे पति को अपने साथ लेकर कहीं चले गए।
गुरुवार की सुबह जब मेरे पति घर नहीं लौटे और उनका मोबाइल स्विच ऑफ बताने लगा तो हम सभी परेशान होकर उनकी खोजबीन करने लगे। तभी लोगों की चर्चा से मालूम हुआ कि एक अज्ञात युवक शव कंपोजिट शराब की दुकान देवढ़ी के पास मिला है, जिसे जमानियां कोतवाली पुलिस ले गई है। सूचना पर मेरे जेठ रमेश बिंद कोतवाली पहुंचे और अज्ञात युवक के शव की पहचान मेरे पति विनोद के रूप में की।
शव की पहचान होने के बाद कोतवाली पहुंची मृतक की पत्नी वंदना और मां गुलाबी देवी रोने बिलखने लगी। मृतक बाहर रहकर काम करता था और करीब एक सप्ताह पहले वह घर आया हुआ था। जिसकी एक दो वर्ष की पुत्री सारिका है।
मृतक के बड़े भाई रमेश कुमार ने अपने भाई विनोद की हत्या का आरोप लगाते हुए दो के खिलाफ नामजद तहरीर दी है।
इस संबंध में क्षेत्राधिकारी रामकृष्ण तिवारी ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और तहरीर के आधार पर मामले की तफ्तीश की जा रही है।










