जमानियां (गाजीपुर)। स्थानीय स्टेशन बाजार क्षेत्र के काली मंदिर के पास गुरुवार की दोपहर एक 73 वर्षीय वृद्ध का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बताया जा रहा है कि गुरुवार की दोपहर करीब साढ़े तीन बजे एक युवक शौच के लिए काली मंदिर से पूर्वी दक्षिणी तरफ खेत में जा रहा था तभी उसकी नजर मृत अवस्था में पड़े एक अज्ञात वृद्ध की तरफ पड़ा। जिसे देख कर उसने आसपास के लोगों को शव मिलने की जानकारी दी।
शव मिलने की सूचना मिलते ही लोगों की भीड़ जुट गई। लोगों ने घटना की जानकारी चौकी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक के जेब की तलाशी ली। जहां जेब से मिले आधार कार्ड से वृद्ध की पहचान चंद्रदीप साह (73 वर्ष) निवासी करौंदी जनपद कैमूर बिहार के रूप में हुई। पुलिस ने घटना की सूचना मृतक के परिजनों को दी। परिजनों ने बताया कि वह 5 दिन से घर से लापता थे, उनका मानसिक संतुलन ठीक नहीं था। इसे लेकर अपने थाना पर गुमशुदगी की तहरीर दी गई थी।
स्टेशन बाजार चौकी प्रभारी विवेक कुमार पाठक ने बताया कि घटना की जानकारी मृतक के परिजनों को दे दी गई है और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा।










