जमानियां (गाजीपुर)। दुर्गा पूजा व दशहरा त्यौहार के दृष्टिगत उपजिलाधिकारी ज्योति चौरसिया एवं क्षेत्राधिकारी अनिल कुमार ने बुधवार को स्टेशन बाजार के चक्काबांध एवं सुहवल स्थित मूर्ति विसर्जन स्थलों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने तैयारियों का जायजा लेते हुए जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
एसडीएम ने संबंधित कर्मियों को निर्देशित किया कि विसर्जन स्थलों पर साफ-सफाई, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, तालाब में पानी की उपलब्धता तथा सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह दुरुस्त होनी चाहिए। साथ ही किसी प्रकार की अव्यवस्था या लापरवाही बर्दाश्त न करने की चेतावनी भी दी।
क्षेत्राधिकारी अनिल कुमार ने पुलिस बल को चौकसी बरतने और भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मूर्ति विसर्जन के समय श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सर्वोपरि होगी।










