‘स्कूल चलो अभियान’ के तहत निकाली गई रैली

जमानियां (गाजीपुर)। विकास खंड के न्याय पंचायत देवरिया स्थित प्राथमिक विद्यालय से सोमवार को ‘स्कूल चलो अभियान’ एवं ‘प्रवेशोत्सव कार्यक्रम’ का आयोजन किया गया। रैली को देवरिया के ग्राम प्रधान प्रतिनिधि संतोष कुमार राय, पाह सैयदराजा के ग्राम प्रधान बिगन सिंह एवं एआरपी अरविंद कुमार सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

जनजागरूकता रैली देवरिया, पाह सैयदराजा एवं चकमेदनी गांव होते हुए पुनः संकुल केंद्र देवरिया पर आकर संपन्न हुई। रैली के माध्यम से ग्रामीणों को अपने बच्चों को नजदीकी प्राथमिक विद्यालयों में प्रवेश दिलाने के लिए प्रेरित किया गया। बच्चों ने रंग-बिरंगे पोस्टर एवं नारों के माध्यम से शिक्षा का महत्व बताया।

कार्यक्रम के दौरान एआरपी अरविंद कुमार सिंह ने शिक्षकों को संबोधित करते हुए कहा की हम सभी को मिलकर अपने-अपने विद्यालयों को निपुण विद्यालय बनाने में पूरी मेहनत से जुटना होगा, ताकि हम निपुण ब्लॉक, फिर निपुण जिला, निपुण प्रदेश एवं अंततः निपुण भारत के लक्ष्य को प्राप्त कर सकें। कार्यक्रम का संचालन उत्साह एवं प्रेरणा के साथ किया गया, जिससे उपस्थित जनमानस में शिक्षा के प्रति जागरूकता का संचार हुआ।

इस अवसर पर शिक्षक संघ अध्यक्ष सुरेन्द्र सिंह यादव, नोडल संकुल प्रेम यादव, पुष्पलता राय, गौतम यादव, अरुण कुमार शर्मा सहित कई शिक्षकगण व अभिभावक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *