जमानियां (गाजीपुर)। स्थानीय कस्बा निवासी प्रांजल कुमार राय ने क्षेत्र का नाम रोशन करते हुए गूगल जैसी विश्वविख्यात कंपनी में 80 लाख रुपये सालाना पैकेज पर सिलिकॉन इंजीनियर पद पर चयनित होकर नई उपलब्धि हासिल की है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार सहित शुभचिंतकों में खुशी की लहर है।
प्रांजल को गूगल से बीते 2 जून को ऑफर लेटर मिला था और उन्होंने 30 जून को बैंगलोर स्थित ऑफिस में कार्यभार ग्रहण कर लिया। वे वर्तमान में गूगल के बैंगलोर कार्यालय में कार्यरत हैं।
प्रांजल की प्रारंभिक शिक्षा जमानियां के सेंट मैरिज स्कूल से हुई। इसके बाद उन्होंने 12वीं के बाद झांसी स्थित राजकीय बीआईटी कॉलेज से बीटेक और फिर बिड़ला इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एंड साइंस (BITS) पिलानी, गोवा कैम्पस से एमटेक की पढ़ाई पूरी की।
प्रांजल के पिता मनोज कुमार राय नगर में मेडिकल स्टोर चलाते हैं जबकि माता माया राय एक गृहिणी हैं।
उनकी इस सफलता पर परिजनों व शुभचिंतकों ने खुशी जाहिर की और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।










