नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, मायके वालों ने लगाया दहेज हत्या का आरोप

जमानियां (गाजीपुर)। स्थानीय थाना क्षेत्र के करमहरी गांव में मंगलवार को दहेज हत्या का एक मामला सामने आया है। बारा कला गांव निवासी विशाल यादव ने अपनी बहन कविता यादव की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत को लेकर ससुराल पक्ष पर दहेज हत्या का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने सास, ससुर, देवर और पति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच में जुट गई है।

विशाल यादव द्वारा स्थानीय कोतवाली में दिए गए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाते हुए बताया कि उनकी बहन कविता यादव की शादी 22 नवंबर 2024 को राम नरेश यादव पुत्र हृदय नारायण यादव निवासी ग्राम करमहरी थाना जमानियां से हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार दान-दहेज सहित धूमधाम से हुई थी। विवाह के समय दहेज स्वरूप ₹5 लाख नगद, सोने की सिकड़ी, एक भर अंगूठी, टी.वी.एस. राइडर बाइक एवं अन्य घरेलू सामान दिया गया था।

शादी के कुछ महीनों तक दाम्पत्य जीवन सामान्य रहा, लेकिन बाद में सास निर्मला देवी, ससुर हृदय नारायण, पति राम नरेश यादव व देवर रत्नेश द्वारा दहेज कम मिलने का ताना देना शुरू किया गया। मायके पक्ष का कहना है कि पंचायत में समझौते के बाद भी उत्पीड़न नहीं रुका। ससुराल पक्ष ने व्यापार हेतु ₹4 लाख की अतिरिक्त मांग की, जिसे देने में असमर्थता जताने पर प्रार्थी के पिता को गाली-गलौज कर घर से भगा दिया गया।

मृतका के भाई के अनुसार, इसी रंजिश में दिनांक 20 अक्टूबर 2025 की रात लगभग 8 बजे बहन के पति द्वारा फोन पर सूचना दी गई कि कविता की मृत्यु हो गई है। जब हम मौके पर पहुंचे, तो कविता का शव कमरे में पलंग पर पड़ा मिला तथा उसके गले पर रस्सी से गला घोंटने का स्पष्ट निशान था। परिजनों ने तत्काल 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया है।

मृतका के भाई विशाल यादव ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लोभ में हत्या का आरोप लगाते हुए पति राम नरेश यादव, सास निर्मला देवी, ससुर हृदय नारायण व देवर रत्नेश के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कठोर कार्रवाई की मांग की है। कोतवाल प्रमोद यादव ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। शव का पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *