जमानियां (गाजीपुर)। भाकपा-माले और अखिल भारतीय किसान महासभा तथा खेत व ग्रामीण मजदूर सभा के तत्वावधान में सोमवार को स्थानीय रामलीला मैदान में विभिन्न जनमुद्दों को लेकर मजदूर किसान महापंचायत का आयोजन कर एसडीएम के नाम संबोधित 8 सूत्रीय मांग पत्र तहसीलदार रामनारायन वर्मा को सौंपा गया।
महापंचायत को संबोधित करते हुए भाकपा-माले की केंद्रीय कमेटी सदस्य व अखिल भारतीय किसान महासभा के राष्ट्रीय सचिव ईश्वरी प्रसाद कुशवाहा ने कहा कि मोदी-योगी की सरकार ने मजदूरों किसानों व कमजोर वर्गों के हक अधिकार पर चौतरफा हमला बोल दिया है। लोग अपने जीवन की जरुरी जरुरतों के लिए जद्दोजहद में लगे हैं। सरकार उनकी इन समस्याओं को हल करने के बजाय उन्हें घरों जमीनों से उजाड़ने,उनका रोजी रोजगार छीनने और उन्हें तबाह बरबाद करने में लगी है।
इतना ही नहीं मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण के बहाने गरीबों, दलित आदिवासियों, अल्पसंख्यकों व कमजोर तबकों को वोटर लिस्ट से बाहर करने व उनकी नागरिकता छीनने की साज़िश की जा रही है। उन्होंने कहा कि हमें जीवन के जरुरी मुद्दों पर संघर्ष करते हुए वोटर अधिकार, नागरिकता व लोकतंत्र को बचाने की दोहरी लड़ाई एक साथ लड़नी होगी।
माले के जिला सचिव ओमप्रकाश सिंह ने कहा कि मोदी-योगी सरकार ने आजादी की लड़ाई के जरिए हासिल आजादी और संविधान से प्राप्त सभी अधिकारों को खत्म करने की साज़िश की है। हमारी पार्टी उनकी साजिशों को कामयाब नहीं होने देगी आम जन को संगठित कर आंदोलन में उतरेगी। महापंचायत में प्रस्ताव पारित कर भारी बिजली बिलें वापस लेने, स्मार्ट मीटर योजना रद्द करने, माइक्रोफाइनेंस कंपनियों व निजी सूदखोरों द्वारा महिलाओं व गरीबों को दिए कर्जों को माफ करने, वनवासियों सहित सभी गरीबों को उनके घरों की घरौनी देने, बाढ़ राहत राशि तत्काल देने और इसे बंटाईदारों को देने सहित आठ सूत्रीय मांगों का ज्ञापन एसडीएम जमानियां के नाम सौंपा गया।

कांग्रेस की ओर से कुंदन खरवार ने आंदोलन का समर्थन किया। महापंचायत को विजयी वनवासी, श्यामप्यारी, पांच रतन कुशवाहा, ओमप्रकाश सिंह, अमरनाथ मौर्य, जगदीश वनवासी, जयचंद भारती सहित अन्य रहे। महापंचायत की अध्यक्षता रामचरन एवं संचालन जगबली राजभर ने किया।










