जमानियां (गाजीपुर)। स्टेशन बाजार क्षेत्र के गयाघाट गांव में बुधवार की रात एक विवाहिता सुषमा देवी (35 वर्ष) की सर्पदंश से मौत हो गई। घटना के बाद गांव में मातम का माहौल है।
परिजनों के अनुसार सुषमा देवी रात करीब 11 बजे अपने पति के लिए भोजन बनाने हेतु आग जलाने के लिए उपला लेने घर के बाहर गई थीं। उसी दौरान रात के अंधेरे में एक विषैला सांप ने उन्हें डस लिया। डंसते ही उनकी हालत बिगड़ने लगी।
परिजन तत्काल उन्हें प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) लेकर पहुंचे, जहां से स्थिति गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। लेकिन इलाज के लिए ले जाते समय रास्ते में ही सुषमा देवी ने दम तोड़ दिया।
सुषमा देवी अपने पीछे तीन छोटे-छोटे बच्चों को छोड़ गई हैं, जिनमें 12 वर्षीय पुत्री दुर्गा, 8 वर्षीय भव्या और 4 वर्षीय पुत्र हर्ष है। उधर सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई में जुट गई है।










