गंगा पुल के एप्रोच मार्ग पर लगा हाईट गेज बैरियर, बड़े वाहनों पर लगेगा लगाम

जमानियां (गाजीपुर)। जमानियां से धरम्मरपुर को जाने वाला गंगा पुल के एप्रोच मार्ग पर आखिरकार एक बार फिर हाईट गेज बैरियर लग ही गया। यह बैरियर एनएचएआई द्वारा सोमवार की सुबह पुलिस की मौजूदगी में लगाया गया। हाईट गेज बैरियर लग जाने से अब गंगा पुल पर ओवरलोड भारी वाहनों के परिवहन पर लगाम लगने की उम्मीद है।

गौरतलब है कि गंगा पुल पर प्रतिदिन सैकड़ो की संख्या में ओवरलोड भारी वाहनों का धड़ल्ले से परिवहन होता था, जिससे कई बार गंगा पुल पर दरारें पड़ गई थी। इसे लेकर नगरवासियों ने कई बार अपनी नाराजगी व्यक्त किया और हाईट गेज बैरियर लगाए जाने की भी शासन प्रशासन व जनप्रतिनिधियों से मांग की, जिससे पुल को क्षतिग्रस्त होने से बचाया जा सके।

लेकिन सत्ताधारी दल के चंद नेताओं के रसूख के आगे हाईट गेज बैरियर लगाने में कहीं न कहीं स्थानीय प्रशासन असफल रहा। जिसके फलस्वरूप पुल पर दरारें पड़ने लगी। लेकिन एक बार फिर भारी वाहनों पर लगाम लगाने के लिए गंगा पुल के एप्रोच मार्ग पर बैरियर लगा दिया गया है।

बता दें कि जमानियां धरम्मरपुर गंगा पुल पर बहुत सी ओवरलोड ट्रकें जिले के कुछ बड़े बालू माफियाओं की चलती थी तो कुछ ट्रकें सफेदपोशों की चलती थी। जिसपर लगाम लगाना स्थानीय प्रशासन के लिए चुनौती बना हुआ था।

लेकिन अब हाईट गेज बैरियर लग जाने के बाद यह देखना काफी दिलचस्प होगा कि बालू माफियाओं और सफेदपोशों की ट्रकों का संचालन किस तरीके से होगा ? बैरियर हटाने में सफेदपोश कितना कामयाब होते हैं यह तो आने वाला वक्त ही बता पायेगा।

कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि यह हाईट गेज बैरियर एनएचएआई द्वारा लगाया गया है ताकि गंगा पुल पर भारी वाहनों का प्रवेश न हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *