विभिन्न मांगों को लेकर धरने पर बैठे पूर्व सभासद

जमानियां (गाजीपुर)। स्थानीय नगर पालिका कार्यालय परिसर में सोमवार की सुबह स्टेशन बाजार के मदनपुरा रोड निवासी वार्ड नं 20 के पूर्व सभासद संतोष वर्मा अपनी विभिन्न मांगों के लेकर समर्थकों संग धरने पर बैठ गये और नगर पालिका अध्यक्ष पर तानाशाही व मनमाने तरीके से कार्य किए जाने का आरोप लगाया।

उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि नगर पालिका परिषद जमानियां में दाखिल खारिज एवं एसेसमेंट रजिस्टर (गृहकर) में अध्यक्ष द्वारा तानाशाही रवैया अपनाते हुए विधि विरुद्ध कार्य किया जा रहा है। जमीन/मकान के क्रय विक्रय पर नगर पालिका के संस्तुति पर उपनिबंध कार्यकाल में बैनामा में दो प्रतिशत अतिरिक्त स्टाम्प शुल्क दिया जाता है। इसके बाद भी दाखिल खारिज के समय नगर पालिका द्वारा विधि विरुद्ध अचल संपत्ति हस्तांतरण के नाम पर 2 प्रतिशत शुल्क वसूला जा रहा है।

साफ सफाई व नगर के सड़क का खस्ताहाल है, प्रमुख रूप से स्टेशन बाजार के सब्जी मंडी में एक तरफ का सड़क बनाकर छोड़ दिया गया है जिससे आवागमन में काफी परेशानी हो रही है। नगर के मुख्य मार्ग को छोड़ कर विभिन्न गलियों ने अंधेरा छाया रहता है जिसमें प्रकाश की व्यवस्था किया जाना अति आवश्यक है।

मुख्य मार्ग के अलावा विभिन्न गलियों में साफ सफाई नहीं होती है साथ ही अनुपस्थित सफाईकर्मियों का हाजिरी लगाकर सफाईनायक द्वारा उनका भुगतान किया जा रहा है, जिसकी जांच कराई जाए और जो कर्मचारी जिस पद पर नियुक्त है, उससे वही कार्य कराया जाए। कहा कि जब तक उपरोक्त मांगे पूरी नहीं होगी तब तक क्रमिक धरना प्रदर्शन जारी रहेगा।

इस संबंध में अध्यक्ष जयप्रकाश गुप्ता ने कहा कि पूर्व सभासद अपनी निजी मामलों के लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं, नगर पालिका क्षेत्र में पूर्व की तुलना में अब सबसे ज्यादा विकास कार्य कराया जा रहा है, दाखिल खारिज में नामांतरण शुल्क पहले से ही लागू किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *