जमानियां (गाजीपुर)। एनएच 24 पर मानक विहीन कार्य होने को लेकर हरपुर गांव के युवकों ने सोमवार को एसडीएम ज्योति चौरसिया को पत्रक देकर सड़क निर्माण मानक अनुसार कराये जाने की मांग की।
एसडीएम को दिए गए पत्रक में बताया गया कि सैयदराजा से लेकर गाजीपुर तक एनएच 24 पर निर्माण कार्य एनएचआई विभाग द्वारा कराया जा रहा है।आरोप लगाया कि सड़क निर्माण का कार्य पूरी तरह मानक विहीन हो रहा है। हरपुर से दुरहिया तक अभी पांच दिन पहले सड़क का निर्माण हुआ था लेकिन स्थिति यह है कि जगह जगह गिट्टियां उखड़ रही है। जिससे ग्रामीणों सहित स्कूल जाने वाले बच्चों को आवगमन में भारी परेशानी होगी।
चेताया कि अगर सड़क ठीक ढंग से नहीं बना तो निर्माण कार्य रोक दिया जाएगा। पत्रक देने वालों में दीपक सिंह, श्रवण सिंह, हरिमोहन यादव, सोनू यादव, अंकित राम, रमाशंकर बिंद, शिवशंकर यादव, अमितेश सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

