पम्प कैनाल से नहर में पानी चलाने को लेकर किसानों ने एसडीएम को सौंपा पत्रक

जमानियां (गाजीपुर)। स्थानीय क्षेत्र के दर्जनों किसानों ने मंगलवार की दोपहर एसडीएम को पत्रक सौंप कर पम्प कैनाल से नहर में पानी चलाने की मांग की है।

स्थानीय रेलवे स्टेशन बाजार क्षेत्र के किसान अनिल सिंह, अवनीश सिंह, डब्लू तिवारी, श्रीराम सिंह, भोला यादव, संतोष सिंह, दिलीप सिंह, सुधीर सिंह, देवदत्त सिंह आदि किसानों ने एसडीएम ज्योति चौरसिया को पत्र सौंप कर बताया कि चौधरी चरण सिंह पम्प कैनाल चक्काबाँध से किसानों के धान की खेती के लिए नहरों के माध्यम से किये जाने वाले पानी के संचालन को बंद कर दिया गया है। धान के बीज पानी के अभाव में सुख रहा है। जिससे किसानों की खेती पर संकट गहरा रहा है।

किसानों ने बताया कि हमारा क्षेत्र चारों तरफ से नहरों से घिरा हुआ है अतः नहर के अलावा दूसरा कोई विकल्प या संसाधन नहीं है जिससे खेतों की सिंचाई किया जा सके। धान के बीज डालने के लिए खेतों में पानी नहीं है। ऐसी स्थिति में पंप कैनाल से नहरों में पानी की आपूर्ति बंद कर देने से हम सभी किसानों में आक्रोश है।

किसानों ने चेतावनी दिया कि बुद्धवार की दोपहर तक नहर में पंप कैनाल से पानी नहीं छोड़ा गया तो सामूहिक रूप से बरुईन गांव के सामने एनएच 24 पर धरने पर बैठने को बाध्य होंगे। जिसकी सारी जिम्मेदारी सिंचाई विभाग तथा शासन प्रशासन की होगी।

इस संबंध में एसडीएम ने बताया कि गंगा नदी का जलस्तर कम होने से पम्प कैनाल चलाने में तकनीकी समस्या है, किसानों की समस्या को सिंचाई विभाग सहित उच्चाधिकारियों को अवगत कराया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *