मेगा विद्युत बिल समाधान शिविर के प्रचार वाहन को अधिशासी अभियंता ने दिखायी हरी झंडी

जमानियां (गाजीपुर)। विद्युत उपभोक्ताओं की समस्याओं के समाधान के लिए अधिशासी अभियंता कार्यालय जमानियां में 17 जुलाई से 19 जुलाई 2025 तक मेगा विद्युत बिल समाधान शिविर का आयोजन किया जा रहा है। जिसके क्रम में बुधवार को अधिशासी अभियंता गोपीचंद भास्कर ने शिविर के प्रचार-प्रसार के लिए तैयार की गई प्रचार वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस अवसर पर अधिशासी अभियंता ने बताया कि शिविर के दौरान उपभोक्ताओं की बिजली बिल संशोधन, नए कनेक्शन, भार वृद्धि तथा विधा परिवर्तन से जुड़ी शिकायतों का मौके पर ही समाधान किया जाएगा। उन्होंने बताया कि जिन उपभोक्ताओं ने ओटीएस (वन टाइम सेटलमेंट) योजना के अंतर्गत पूर्व में रजिस्ट्रेशन कराया था और किसी कारणवश किस्तें छूट गई थीं, वे भी इस शिविर में आकर योजना का पुनः लाभ ले सकते हैं।

किसानों के लिए विशेष राहत की घोषणा करते हुए अधिशासी अभियंता ने बताया कि नलकूप उपभोक्ताओं को 100 प्रतिशत सरचार्ज माफी दी जाएगी। यह सुविधा केवल शिविर की अवधि में ही उपलब्ध रहेगी।

उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील किया कि वे अधिक से अधिक संख्या में शिविर में पहुंचकर अपनी विद्युत समस्याओं का समाधान कराए। प्रचार वैन के माध्यम से विभिन्न ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में शिविर की जानकारी दी जाएगी, ताकि अधिक से अधिक उपभोक्ता इस लाभकारी अवसर का लाभ उठा सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *