जमानियां (गाजीपुर)। बघरी गांव निवासी मनीष कुमार उर्फ छोटू बिंद (20) का शव गुरुवार की दोपहर 1:30 बजे धुस्का गांव के पास कर्मनाशा नदी में मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस शव को कब्जे में लेकर आगे की कारवाई में जुट गई। कोतवाली पहुंची घर की महिलाएं शव को देख रोने बिलखने लगी।
परिजनों के मुताबिक मनीष मानसिक रूप से विक्षिप्त था और तीन दिनों से घर से लापता था। कैमूर प्रांत के दुर्गावती थाना क्षेत्र के गढ़वा करौती गांव चला गया था जहां वह कर्मनाशा नदी में डूब गया था। बुधवार से ही गोताखोरों द्वारा शव को खोजा जा रहा था। इसी बीच धुस्का गांव के पास नदी में शव मिलने की सूचना पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
सूचना पर परिजन भी पहुंचे और मनीष का शव देख रोने बिलखने लगे। मनीष घर पर ही रहता था। पुत्र के शव को देख मां सावित्री देवी रोने बिलखने लगी। कोतवाल प्रमोद सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कारवाई की जा रही है।










