एंजेल चकमा हत्याकांड के विरोध में कांग्रेस जनों ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन

जमानियां (गाजीपुर)। अखिल भारतीय आदिवासी कांग्रेस के आह्वान पर उत्तर प्रदेश आदिवासी कांग्रेस के प्रदेश महासचिव (प्रशासन) कुंदन खरवार के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एंजेल चकमा हत्याकांड के विरोध में राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी ज्योति चौरसिया को सौंपा। इस दौरान दोषियों पर कड़ी कार्रवाई और नीतिगत सुधारों की मांग की गई।

कुंदन खरवार ने कहा कि एंजेल चकमा की हत्या केवल एक आपराधिक घटना नहीं है, बल्कि यह देश में नस्लीय व क्षेत्रीय भेदभाव, सामाजिक असुरक्षा और कानून-व्यवस्था की गंभीर स्थिति को उजागर करती है। उन्होंने कहा कि एक पूर्वोत्तर छात्र की नस्लीय गालियों और हिंसा के बाद हुई मौत ने देश के संवैधानिक मूल्यों पर प्रश्नचिह्न खड़ा कर दिया है।

ज्ञापन में केंद्र व राज्य सरकार से नस्लीय हिंसा के विरुद्ध विशेष कानून बनाने, ऐसी घटनाओं को स्वतंत्र अपराध घोषित करने तथा मामलों के त्वरित निस्तारण के लिए फास्ट ट्रैक अदालत की व्यवस्था की मांग की गई।

साथ ही शैक्षणिक संस्थानों में सुरक्षा उपाय, हेल्पलाइन, शिकायत तंत्र और नोडल अधिकारी की नियुक्ति पर जोर दिया गया। कांग्रेस नेताओं ने सभी सामाजिक व राजनीतिक संगठनों से भेदभाव के खिलाफ एकजुट होने की अपील की।

उक्त मौके पर श्यामनरायण सिंह कुशवाहा, शशिकांत श्रीवास्तव, तसौवरअंसारी, बजिशान जलाली, अरबाज शेख,युसुफ बशर, तौवसिफ, विद्याशंकर, मिथिलेश सिंह, दीपक सिंह उर्फ दीपू आदि लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *