दिलदारनगर (गाजीपुर)। स्थानीय पुलिस ने शनिवार को चेकिंग अभियान के दौरान रक्साहां बाईपास मार्ग से शातिर बाइक चोर को चोरी की मोटरसाइकिल के साथ दबोच लिया।

उपनिरीक्षक सत्येन्द्र सिंह चंदेल अपनी पुलिस टीम संग रक्साहां बाईपास पर वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान एक अपाचे बाइक सवार युवक को रोककर पूछताछ की गई। जांच में बाइक चोरी की पाई गई। पुलिस ने मौके पर ही अभियुक्त स्वामीशरण यादव उर्फ गणेश यादव निवासी उकनीवीरमराय थाना सकलडीहा, जनपद चंदौली को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि अभियुक्त के खिलाफ थाना चौक व भेलूपुर, वाराणसी में चार आपराधिक मुकदमे पहले से दर्ज हैं। आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।










