जमानियां (गाजीपुर)। स्थानीय क्षेत्र के दरौली गांव निवासिनी एक 14 वर्षीय किशोरी की जहरीले सांप के काटने से मौत होने का मामला सामने आया है।
बताया जा रहा है कि दरौली गांव निवासी प्रमोद राम की 14 वर्षीय पुत्री ज्योति कुमारी चंदौली जनपद के असना गांव में अपने मौसी के घर गई हुई थी। बीते शुक्रवार की रात वह अपने मौसी के साथ सोई हुई थी। तभी रात करीब 12 बजे किसी जहरीले सांप ने उसे काट लिया और वह नींद से जग गई और मौसी सहित घर के अन्य लोगों को सांप के काटने की जानकारी दी। इस घटना की सूचना तुरंत ज्योति के माता पिता को दी गई।
आनन फानन में परिजन उसे अस्पताल ले जाने के बजाय उसका झाड़फूंक से इलाज कराने के चक्कर में पड़ गए। झाड़फूंक से जब ज्योति की हालत और बिगड़ने लगी तब शनिवार की सुबह करीब 8 बजे परिजन उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
यह सूचना मिलते ही परिजन रोने बिलखने लगे और उसे लेकर घर लौट गए। मृतका ज्योति के दो भाई हैं और यह सबसे छोटी थी तथा जूनियर हाई स्कूल दरौली में कक्षा 8 की छात्रा थी। ज्योति की असामयिक मौत से माता माया देवी का रो रो कर बुरा हाल है।










