एनएच 24 के गड्ढे में ट्रक फंसने से ट्रकों की लगी लंबी कतार, यातायात व्यवस्था हुई प्रभावित

जमानियां (गाजीपुर)। स्थानीय रेलवे स्टेशन के बाईपास फाटक पर उस वक्त ट्रकों की लंबी कतार लग गई जब रेलवे फाटक के पास एनएच 24 पर बने बड़े गड्ढे में गुल्ला टूटने से एक ट्रक फंस गया। शुक्रवार की सुबह पुलिसकर्मियों ने जाम छुड़वाया।

बताया जा रहा है कि गुरुवार की रात करीब 11 बजे गाजीपुर से सैयदराजा की तरफ जा रहा एक ट्रक स्थानीय रेलवे फाटक से करीब 50 मीटर पहले एनएच 24 सड़क पर बने बड़े गड्ढे में गुल्ला टूटने से फंस गया। इस कारण ट्रक वहीं खड़ा हो गया।

देखते ही देखते सड़क के दोनों तरफ ट्रकों की लंबी कतार लग गई। इस दौरान एनएच पर दोनों तरफ छोटे वाहनों को आने जाने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। वहीं ट्रक का गुल्ला टूटने से अन्य ट्रकें रात भर जाम में फंसी रही। सूचना पाकर शुक्रवार की सुबह करीब 7 बजे मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने जेसीबी मशीन से गड्ढे में फंसे हुए ट्रक को निकलवाकर सड़क के किनारे कराया तब जा कर यातायात व्यवस्था निर्बाध रूप से बहाल हुई।

रेलवे फाटक के आसपास रहने वाले लोगों ने कहा कि एनएचएआई द्वारा अभी हाल ही में सड़क बनाने का काम किया गया लेकिन बार बार सड़क पर बन रहे गड्ढे का समुचित समाधान नहीं किया जा रहा जिससे बार बार उसी स्थान पर गड्ढा बन जा रहा है। जिससे न सिर्फ यातायात व्यवस्था बाधित हो रहा है, बल्कि आए दिन दो पहिया वाहन चालक, साइकिल सवार, टोटो वाहन गड्ढे में गिर कर घायल हो जा रहे हैं।

क्षेत्रीय लोगों ने जिला प्रशासन से मांग किया है कि रेलवे फाटक के पास एनएच 24 पर बार बार बन रहे जानलेवा गड्ढे का स्थाई समाधान किया जाय।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *