जमानियां (गाजीपुर)। स्टेशन बाजार स्थित सिंचाई विभाग के डाक बंगला के पास सोमवार की शाम करीब 5 बजे एक 12 वर्षीय बालक के मुख्य नहर में डूबने की घटना से हड़कंप मच गया। बालक की पहचान गांधी चौक हरिजन बस्ती निवासी अरशद पुत्र इम्तियाज के रूप में हुई है, जिसकी देर शाम तक तलाश जारी रही।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अरशद शाम करीब चार बजे घर से निकला था। बताया जा रहा है कि वह मुख्य नहर में नहा रहा था, जहां गहरे पानी में चला गया और डूब गया। उसी समय नहर में मौजूद कांशीराम आवास का एक किशोर उसे बचाने पहुंचा, लेकिन वह खुद भी गहरे पानी में फंस गया। हालांकि आसपास के लोगों ने उसे किसी तरह बाहर निकाल लिया, लेकिन अरशद तब तक नहर की गहराई में डूब चुका था।

घटना की सूचना मिलते ही मौके पर भीड़ जमा हो गई। पुलिस टीम भी तत्काल मौके पर पहुंची और नहर का पानी बंद करवाकर बालक की तलाश शुरू कर दी। नहर किनारे सड़क पर अरशद की साइकिल और चप्पल मिलने से घटना की पुष्टि हुई। मौके पर पहुंचे परिजनों ने जब अरशद की साइकिल और चप्पल देखी, तो वह फफक पड़े। खबर लिखे जाने तक अरशद का कुछ भी पता नहीं चला।










