कलेक्ट्रेट गाजीपुर में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया 77वां गणतंत्र दिवस

गाजीपुर। कलेक्ट्रेट गाजीपुर में 77वां गणतंत्र दिवस समारोह हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने ध्वजारोहण कर उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं आमजन को देश की एकता व अखंडता की शपथ दिलाई। इस अवसर पर स्कूली बच्चों को मिष्ठान वितरित किया गया तथा स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के आश्रितों को अंगवस्त्र व मिष्ठान देकर सम्मानित किया गया।

कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने जनपदवासियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने देश के महान स्वतंत्रता सेनानियों एवं संविधान निर्माताओं के योगदान को याद करते हुए कहा कि संविधान ही देश की एकता, समानता और अखंडता का आधार है। सरदार वल्लभभाई पटेल के योगदान और बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर द्वारा तैयार किए गए संविधान का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि विविधताओं से भरे देश को एक सूत्र में बांधे रखने का कार्य संविधान ने किया है।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों व कर्मचारियों से संविधान के प्रति पूर्ण निष्ठा रखते हुए अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि आम जनता की शिकायतों का निस्तारण संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ किया जाना चाहिए।

इसके उपरांत जिलाधिकारी ने शास्त्री नगर चौराहा स्थित पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। समारोह में अपर जिलाधिकारी, मुख्य राजस्व अधिकारी सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी, कर्मचारी, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के आश्रित, छात्र-छात्राएं एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *