जमानियां (गाज़ीपुर)। नगर में पैग़ंबर-ए-इस्लाम हज़रत मोहम्मद साहब के जन्मदिन ईद-ए-मिलादुन्नबी के अवसर पर शुक्रवार को पूरे अकीदत और जोशो-ख़रोश के साथ मोहम्मदी जुलूस निकाला गया। इस जुलूस में धार्मिक झंडों के साथ तिरंगे की शान भी जमकर लहराई गई।
जुलूस की शुरुआत कुरैशी मोहल्ला स्थित रजा ए हबीब मदरसा से हुई। यह दुरहिया, पठान टोली, गोरवा मोहल्ला, सैयदबाड़ा, सट्टी बाज़ार, लोदीपुर तथा राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-24) मार्ग से होते हुए पुनः मदरसे पर जाकर संपन्न हुआ। पूरे रास्ते में युवाओं ने इस्लामिक गीतों और नारों से माहौल को सराबोर कर दिया।
जुलूस के नगर भ्रमण के दौरान विभिन्न मार्गों पर स्थानीय लोगों और समाजसेवियों की ओर से जलपान की व्यवस्था की गई। बच्चों से लेकर बुज़ुर्ग तक उत्साह से भरे नज़र आए। नौजवान हाथों में तिरंगा और धार्मिक झंडा लेकर क़दम से क़दम मिलाकर आगे बढ़ते रहे।
मौलाना महमूद आलम ने बताया की हिंदुस्तान हमारा वतन है, मुसलमानों ने हमेशा इसकी रक्षा में कुर्बानियां दी हैं। तिरंगा हमारी शान है।
जुलूस शांतिपूर्ण और उत्साहपूर्ण माहौल नगर की गंगा-जमुनी तहज़ीब का प्रतीक बना। भीड़ में शामिल युवाओं के नारे और तिरंगे की लहराहट से पूरा नगर एकता और भाईचारे का संदेश देता नज़र आया।










