जमानियां (गाजीपुर)। स्थानीय कोतवाली पुलिस ने हेरोइन तस्करों के खिलाफ गैंगेस्टर की कारवाई की है। कोतवाल अशेष नाथ सिंह ने बताया कि अभिलेखों और क्षेत्रीय भ्रमण के दौरान यह पुष्टि हुई कि नरसिंहपुर निवासी प्यारे चौधरी के नेतृत्व में एक गिरोह लंबे समय से हेरोइन तस्करी में संलिप्त था। इस गिरोह का सदस्य अशोक कुमार, निवासी तेघरा चौरस्ता, बिहिया, भोजपुर (बिहार) भी अवैध कारोबार में लिप्त पाया गया।
20 नवंबर 2024 को पुलिस टीम ने 915 ग्राम हेरोइन बरामद कर गिरोह के सरगना प्यारे चौधरी और उसके साथी अशोक कुमार को गिरफ्तार किया था। इनके विरुद्ध स्थानीय थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद आरोपियों के खिलाफ चार्ज शीट (आरोप पत्र) 7 दिसंबर 2024 को न्यायालय में दाखिल किया गया।
इस गिरोह की आपराधिक गतिविधियों के कारण स्थानीय जनता में भय और आक्रोश व्याप्त था। गिरोह का प्रभाव इतना था कि आम लोग इनके विरुद्ध शिकायत दर्ज कराने या गवाही देने से भी डरते थे। इसी को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने गिरोहबंद अधिनियम के तहत कार्रवाई की।
गिरोह के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने हेतु जिलाधिकारी को गैंग चार्ट अनुमोदनार्थ भेजा गया था। जिसे जिलाधिकारी ने 21 फरवरी 2025 को अनुमोदित कर दिया। इसके बाद गैंगस्टर की कारवाई की गई।










