जमानियां (गाजीपुर)। जमानियां से धरम्मरपुर को जोड़ने वाला गंगा पुल पुल का एप्रोच सड़क ओवरलोड वाहनों के आवागमन से क्षतिग्रस्त हो रहा है। इतना ही नहीं, ओवरलोड वाहनों का संचालन गंगा पुल पर इस कदर बढ़ गया है कि उनकी रफ्तार के आगे पैदल चलने वाले राहगीरों सहित छोटे वाहन चालकों का चलना मुश्किल हो गया है।
स्थानीय लोगों की माने तो एप्रोच मार्ग से होकर गंगा पुल के रास्ते धरम्मरपुर की तरफ बेधड़क जा रहे ओवलोड और भारी वाहनों के आवागमन से न सिर्फ एप्रोच मार्ग क्षतिग्रस्त हो रहा है, बल्कि गंगा पुल पर भी दरार पड़ रहा है। जिस पर स्थानीय तहसील प्रशासन व पुलिस प्रशासन चुप्पी साधे हुए है, वजह जो भी हो स्थानीय लोगों के मन में स्थानीय प्रशासन के प्रति काफी आक्रोश है।

कुछ वर्ष पूर्व गंगा पुल पर ओवरलोड वाहनों के संचालन पर प्रतिबंध लगाने के लिए लोहे का हाइट गेज बैरियर लगाया गया था। लेकिन क्षेत्र में ट्रकों से सरकारी अनाजों की आपूर्ति के लिए हाइट गेज बैरियर को खोल दिया गया। इसी का फायदा उठाकर आज भी गैर सरकारी ओवरलोड और भारी वाहनों का संचालन धड़ल्ले से बदस्तूर जारी है। जिसपर शासन प्रशासन का कोई ध्यान नहीं है और इसी का नतीजा है कि एप्रोच मार्ग और गंगा पुल क्षतिग्रस्त हो रहा है।

स्थानीय लोगों की माने तो पहले रात के अंधेरे के गंगा पुल पर पुलिस प्रशासन के साठगांठ से ओवरलोड वाहनों का संचालन होता था, लेकिन अब तो दिन में भी बेहिचक गंगा पुल पर फर्राटा भरते हुए देखे जा सकते हैं। इनमें ज्यादातर सफेदपोशों के भी वाहन शामिल होते हैं। शायद यही कारण है कि शासन प्रशासन के लोग इस पर चुप्पी साधे हुए हैं। जिसका खामियाजा आने वाले दिनों में क्षेत्रवासियों को भुगतना पड़ेगा।










