जमानियां (गाजीपुर)। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के भुवालचक गांव निवासी संजीव कुमार ने अपनी पत्नी और दो बच्चों की गुमशुदगी को लेकर पुलिस अधीक्षक से लिखित शिकायत कर खोजबीन की गुहार लगाई है। एसपी के निर्देश पर कोतवाली पुलिस ने गुमशुदगी का मुकदमा कर आवश्यक कार्रवाई में जुट गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, संजीव कुमार पत्नी पूनम तिवारी (35 वर्ष) बीते 19 मई को अपने दो बच्चों के साथ घर से निकलीं और फिर लौटकर नहीं आईं। परिजनों ने अपने स्तर से काफी खोजबीन की, रिश्तेदारों और परिचितों से संपर्क किया, लेकिन कोई सुराग नहीं मिल सका। इसके बाद संजीव ने थाने में प्रार्थना पत्र दिया, किंतु कोई संतोषजनक कार्रवाई न होने पर उन्होंने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर खोजबीन की गुहार लगाई है।
दिए गए प्रार्थना पत्र में संजीव ने बताया कि उनकी पत्नी के मोबाइल की आखिरी लोकेशन रौजा क्षेत्र में पाई गई है, जिसकी जानकारी हल्का क्षेत्र के सब इंस्पेक्टर ने दी है। उन्होंने पुलिस से आग्रह किया है कि मोबाइल लोकेशन के आधार पर त्वरित कार्रवाई कर उनकी पत्नी व बच्चों को बरामद किया जाए। इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।










