दिलदारनगर (गाजीपुर)। स्थानीय जनपद के दिलदारनगर, नंदगंज, जमानियां तथा बलिया और चंदौली जनपदों में सक्रिय चोरी के गिरोह पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सोमवार तड़के 3:50 बजे मुठभेड़ में एक वांछित बदमाश को गोली मारकर घायल कर दिया, जबकि उसके दो साथी मौके से गिरफ्तार कर लिए गए। यह मुठभेड़ दिलदारनगर थाना क्षेत्र के कुसी गांव मार्ग पर हुई है।
पुलिस के अनुसार बलिया जनपद के गढ़वार थाना क्षेत्र के कनैला गांव निवासी कुख्यात अपराधी कमलेश बनवासी अपने दो साथियों जोगिंदर बनवासी निवासी नरही थाना, बलिया व अंकुर बनवासी निवासी कनैला, बलिया के साथ चोरी की घटनाओं में लूटे गए नगदी व आभूषण का बंटवारा कर रहा था। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जिस पर बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में कमलेश बनवासी के बाएं पैर में गोली लगी। घायल को सीएचसी भदौरा से सदर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।

गिरफ्तार आरोपियों के पास से ₹1,35,200 नगद, 803 ग्राम चांदी के आभूषण और एक तमंचा बरामद किया गया। पूछताछ में गिरफ्तार बदमाशों ने स्वीकार किया कि वे गाजीपुर, चंदौली व बलिया जनपद में कई चोरी की घटनाओं में शामिल रहे हैं। इनके दो अन्य साथी गुल्ली बनवासी और सुरेश बनवासी फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस जुटी है।
थाना प्रभारी अशोक मिश्रा ने बताया कि कमलेश बनवासी पर गाजीपुर, बलिया और चंदौली जनपदों में कुल 26 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। वह लंबे समय से पुलिस को चकमा दे रहा था। मुठभेड़ की सूचना मिलते ही सीओ रामकृष्ण तिवारी भी मौके पर पहुंचे।
कार्रवाई में थाना निरीक्षक अशोक मिश्रा, निरीक्षक देवेंद्र यादव, हेड आरक्षी रवि, आरक्षी गीतेश मिश्रा, हेड कांस्टेबल सुजीत सिंह तथा एसओजी टीम शामिल रही।










