विनोद बिंद हत्याकांड का मुख्य आरोपी मुठभेड़ में घायल, दूसरे आरोपी की तलाश

जमानियां (गाजीपुर)। चंदौली जनपद के कंदवा थाना क्षेत्र अंतर्गत परसडीहा गांव निवासी विनोद बिंद हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। शुक्रवार सुबह हुई मुठभेड़ में मुख्य आरोपी विवेक सिंह निवासी जलालपुर, चंदौली घायल हो गया। पुलिस की जवाबी फायरिंग में उसके बाएं पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे प्राथमिक उपचार के लिए पीएचसी ले जाया गया और वहां से जिला मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। आरोपी के पास से हत्या में प्रयुक्त लोहे की रॉड, एक तमंचा 315 बोर, एक खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ है। वहीं, दूसरा आरोपी शिवशंकर बिंद निवासी परसडीहा अब भी फरार है।

घड़ी से मिला हत्या का सुराग

गुरुवार सुबह देवढ़ी नहर पुलिया के पास एक खेत में विनोद बिंद का शव खून से लथपथ हालत में मिला था। उसके सिर पर गंभीर चोटों के निशान थे। घटनास्थल पर एक घड़ी बरामद हुई, जो जांच में विवेक सिंह की पाई गई। इसी आधार पर पुलिस ने विवेक को तलाशना शुरू किया। आरोपी के घर पर छापेमारी की गई, लेकिन वह नहीं मिला। बाद में उसका लोकेशन बरुईन मोड़ के पास मिली। पुलिस ने वहां पहुंचकर उसे एक खेत के पीछे से गिरफ्तार कर लिया।

हत्या की योजना थी पहले से

पुलिस पूछताछ में विवेक ने बताया कि बुधवार रात वह, मृतक विनोद और शिवशंकर बिंद एक साथ बीयर पी रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर कहासुनी हुई। पुरानी रंजिश के चलते विवेक ने लोहे की रॉड से विनोद के सिर पर हमला कर उसकी हत्या कर दी। गिरफ्तारी के बाद पुलिस विवेक को हत्या में प्रयुक्त हथियार की बरामदगी के लिए घटनास्थल पर ले गई थी।

फोटो : घायल हत्यारोपी को जिला अस्पताल ले जाती पुलिस

घटनास्थल पर फायरिंग, फिर मुठभेड़

क्षेत्राधिकारी रामकृष्ण तिवारी के अनुसार, जब आरोपी को देवढ़ी नहर पुलिया के पास ले जाया गया, तभी उसने वहां छिपाकर रखे तमंचे से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षार्थ कार्रवाई की, जिसमें विवेक के बाएं पैर में गोली लगी। घायल अवस्था में उसे तत्काल पीएचसी पहुंचाया गया।

फरार दूसरे आरोपी की तलाश तेज

पुलिस का कहना है कि दूसरे आरोपी शिवशंकर बिंद की तलाश के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। हत्या का कारण पुराना विवाद बताया जा रहा है, जिसकी पुष्टि विवेक सिंह ने भी अपने बयान में की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *