जमानियां (गाजीपुर)। स्थानीय स्टेशन बाजार क्षेत्र के गड़ही गांव में रविवार की रात उस वह हड़कंप मच गया, जब गांव में चोरी की वारदात को अंजाम देने पहुंचे बिहार से आए चोरों ने एक घर को अपना निशाना बनाने का प्रयास किया। ग्रामीणों की सतर्कता से एक चोर को पकड़ लिया गया, जबकि तीन अन्य चोर असलहे से फायरिंग करते हुए भागने में कामयाब रहे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पकड़े गए चोर को अपने साथ कोतवाली ले गई।
ग्रामीणों के मुताबिक रविवार की रात करीब 12 बजे चार चोर गांव में चोरी की वारदात को अंजाम देने गांव में घुसे और पिंटू बिंद के घर के चैनल गेट को तोड़ने का प्रयास किया। इससे पहले अगल बगल के घरों को बाहर से कुंडी लगा दिया था। इसी दौरान कुछ ग्रामीण जग गए, उन्हें शक हुआ तो छत पर जाकर देखा कि चार चोर चोरी करने का प्रयास कर रहें है। आपस में सहमति बनाते हुए ग्रामीणों ने चोरों को दौड़ा लिया। इस दौरान एक चोर ने ग्रामीणों को निशाना बनाते हुए दो बार असलहे से फायरिंग की लेकिन ग्रामीण छिप गए।

यह देख चोर खेत के रास्ते रेलवे लाइन की तरफ भागने लगे। तभी गांव के ही जुगुल किशोर मौर्य ने साहस दिखाते हुए चोरों का पीछा किया और एक चोर को पकड़ लिया और बाकी अन्य चोर फरार हो गए। दर्जनों की संख्या में रेलवे लाइन किनारे पहुंचे ग्रामीणों ने पकड़े गए चोर की धुनाई कर दी। उसके पास से एक जिंदा कारतूस भी बरामद हुआ जिसे ग्रामीणों ने पुलिस को सौंप दिया।
ग्रामीणों की पूछताछ में चोर ने बताया कि उसका नाम करीमन मुसहर ग्राम कुढ़नी जिला भभुआ बिहार है तथा उसके गैंग के साथियों का नाम वीरेंद्र राम, मुन्ना राम और राम आशीष राम है, जो मौके से भाग निकले। ग्रामीणों के मुताबिक पूछताछ में करीमन मुसहर ने बताया कि वे सभी चौसा स्टेशन से ट्रेन से जमानियां में चोरी करने आए थे। इससे पहले उसके तीनों साथियों ने जमानियां में तीन चोरी की घटना को अंजाम दिया था।
ग्रामीणों ने डायल 112 को फोन कर घटना की जानकारी दी। सूचना पर पहुंची 112 व कोतवाली पुलिस ने पकड़े गए चोर को हिरासत में लेकर कोतवाली चली गई। घटना के बाद से गांव में चोरों के प्रति दहशत का माहौल बना हुआ है।
इस संबंध में कोतवाल प्रमोद सिंह ने बताया कि इस मामले में अभी कोई तहरीर नहीं मिली है, पकड़े गए आरोपी से से पूछताछ की जा रही है।










