जमानियां (गाजीपुर)। कस्बा क्षेत्र के पांडेय मोड़ तिराहे पर शनिवार की शाम अज्ञात युवकों ने फुल्ली गांव निवासी सलमान (25 वर्ष) पुत्र असीम के ऊपर धारदार हथियार से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल युवक को आनन फानन में राहगीर पीएचसी लेकर पहुंचे जहां गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया।
बताया जा रहा है कि फुल्ली गांव निवासी सलमान सुबह स्कूटी से अपने बुआ के यहां मिलने कस्बा बाजार स्थित मारिया लॉन आया था। मिलने के बाद वह शाम को फुल्ली जाने के लिए निकला। लेकिन पांडेय मोड़ पर जाम में फंस कर एनएच 24 पर रुक गया तभी अचानक पीछे से पहुंचे अज्ञात युवकों द्वारा सरेआम धार दार हथियार से सिर पर ताबड़ तोड़ हमला कर दिया जिससे सलमान लहूलुहान होकर नीचे गिर गया।
जब तक लोग पहुंचे तब तक हमले के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। सलमान पंजाब के लुधियाना से 20 दिन पहले ही फुल्ली गांव आया हुआ था। कोतवाल राम साजन नागर ने बताया कि अभी कोई तहरीर नहीं मिली है, मामले की छानबीन की जा रही है।










