भारी मात्रा में शराब के साथ बिहार की दो महिला शराब तस्कर गिरफ्तार

जमानियां (गाजीपुर)। स्थानीय कोतवाली पुलिस ने गुरुवार की शाम बिहार की दो महिला शराब तस्करों को भारी मात्रा में अवैध शराब के साथ गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।

कोतवाली के उपनिरीक्षक अरुण पांडेय के मुताबिक गुरुवार की शाम वह अपने हमराहियों के साथ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। तभी मुखबिर से सूचना मिली कि दो महिलाएं बड़ेसर गांव की तरफ एनएच 24 सड़क किनारे शराब लेकर बिहार जाने की कोशिश में हैं। इस सूचना पर मौके पर पहुंच कर जब दोनों महिलाओं की तलाशी ली गयी तो उनके पास मौजूद झोले व पिट्ठू बैग से बीयर, देशी व अंग्रेजी शराब पाया गया।

पूछताछ में पकड़ी गयी अभियुक्ताओं ने अपना नाम क्रमशः ममता कुमारी (28 वर्ष) पत्नी बजरंगी सिंह निवासिनी गांवा बड़हरा, भोजपुर बिहार तथा कांति देवी (35 वर्ष) पत्नी सत्येंद्र सिंह निवासिनी छोटकी ससाराव, उदवंतनगर, भोजपुर बिहार बताया।

अभियुक्ता ममता के पिट्ठू बैग से 375 एमएल की दो ब्लेंडर प्राइड अंग्रजी शराब, 180 एमएल की 25 अदद आफ्टर डार्क ब्लू व्हिस्की तथा कांति देवी के पिट्ठू बैग से 24 केन किंगफिशर स्ट्रॉग बीयर तथा झोले से 48 पाउच 8 पीएम अंग्रेजी शराब बरामद हुआ।

पूछताछ के दोनों अभियुक्ताओं के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *