जमानियां (गाजीपुर)। स्थानीय कोतवाली पुलिस ने मोबाइल व नगदी चोरी के मामले में मंगलवार की देर रात तमंचा, कारतूस व चोरी की दो मोबाइल के साथ दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार मुखबिर की सूचना पर बरेसर नहर के पास नवनिर्माणाधीन पानी की टंकी व सरकारी स्कूल के समीप घेराबंदी कर दो युवकों को पकड़ा गया। पूछताछ में अभियुक्तों ने अपना नाम भुपेन्द्र बिन्द पुत्र रामप्यारे बिन्द निवासी डेढ़गावा थाना धीना जनपद चंदौली (25 वर्ष) तथा रिषभ पाल (19 वर्ष) पुत्र रामनरेश पाल निवासी देवपुरा थाना कालपी जनपद जालौन बताया।

जांच में सामने आया कि दोनों अभियुक्तों ने 28 दिसंबर 2025 को जमानियां रेलवे स्टेशन के बाहर दो व्यक्तियों से मोबाइल फोन चोरी किए थे। अभियुक्त भुपेन्द्र बिन्द के पास से अवैध तमंचा व कारतूस बरामद हुआ। पुलिस ने दोनों अभियुक्तों को हिरासत में लेकर उनके विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।










