दो बाल तीरंदाजों का ‘खेलो इंडिया’ में हुआ चयन, परिजनों में हर्ष

जमानियां (गाजीपुर)। द्रोणा तीरंदाजी एकेडमी हेतिमपुर के दो बाल तीरंदाज खिलाड़ी क्रमशः बूढ़ाडीह गांव निवासी विराट मौर्य व बरूईन निवासी युवराज सिंह का चयन खेलो इंडिया योजना के तहत दमन दीव केंद्र शासित प्रदेश के खेलो इंडिया केंद्र में हुआ है। इनके इस चयन से परिजन सहित तीरंदाज खिलाड़ियों में हर्ष है। यह उपलब्धि इन नन्हे खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत, लगन और उनके प्रशिक्षकों के समर्पण का परिणाम है।

अप्रैल माह में चयन प्रक्रिया में दोनों खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था और चयनित भी हुए। कोच सतीश दुबे ने बताया कि हमें अपने बाल तीरंदाजों पर बहुत गर्व है, जिन्होंने ‘खेलो इंडिया’ योजना में अपनी जगह बनाई है। यह न केवल उनके व्यक्तिगत सपनों को साकार करने की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि है, बल्कि यह हमारे अकादमी के लिए भी सम्मान की बात है। खेलो इंडिया जैसी योजनाएं भारत के खेल भविष्य को उज्ज्वल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। हम अपने खिलाड़ियों को उनकी आगे की यात्रा के लिए शुभकामनाएं देते हैं और उन्हें हर संभव सहायता प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। वही स्थानीय सहायक कोच संदीप और अन्य राष्ट्रीय खिलाड़ियों ने भी इस परिणाम को सराहा है।

द्रोणा तीरंदाजी एकेडमी हमेशा से ही खेल प्रतिभाओं को निखारने और उन्हें उचित मंच प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध रही है। हमारे प्रशिक्षण कार्यक्रमों को इस तरह से डिज़ाइन किया गया है कि वे बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास के साथ-साथ उनमें खेल भावना और अनुशासन का संचार करे।

क्या है ‘खेलो इंडिया’ योजना

‘खेलो इंडिया’ योजना भारत में जमीनी स्तर पर खेल संस्कृति को बढ़ावा देने और युवा प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर तैयार करने के उद्देश्य से शुरू की गई एक महत्वपूर्ण योजना है। इस योजना के तहत चयनित खिलाड़ियों को उनके खेल प्रशिक्षण, पोषण, शिक्षा और अन्य आवश्यक जरूरतों के लिए वित्तीय सहायता प्रदान की जाती है, जिससे वे बिना किसी बाधा के अपनी खेल यात्रा जारी रख सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *