जमानियां (गाजीपुर)। स्टेशन चौकी पुलिस ने गोवंश तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से तीन गोवंश तथा दो पिकअप वाहन बरामद किया है।
स्टेशन चौकी प्रभारी अश्विनी प्रताप सिंह ने बताया कि बीते रविवार की दोपहर करीब सवा एक बजे बरुइन तिराहा के पास संदिग्ध वाहन चेकिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक पिकअप में गोवंश लादकर बिहार वध के लिए ले जाया जा रहा है, जबकि एक अन्य वाहन आगे चलकर उसे लोकेशन दे रहा है।
सूचना के आधार पर अभईपुर चौकी प्रभारी अजय भारती के साथ पुलिस टीम द्वारा इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के पास बरूईन नहर के समीप घेराबंदी कर दोनों वाहनों को रोक लिया। पूछताछ में पकड़े गए आरोपितों ने अपना नाम राकेश कुमार निवासी करजरा थाना धीना जनपद चंदौली व सुनील कुमार उर्फ रामभजन राम निवासी अहिकौरा थाना धानापुर जनपद चंदौली बताया।
तलाशी में पिकअप से दो गाय व एक बछड़ा बरामद हुए, जिन्हें बुरी तरह बांधा गया था। दोनों ने बताया कि हम लोगों के पिकअप वाहन से हर दो तीन दिन पर संजय निवासी कमालपुर सिसौड़ा थाना धीना जनपद चंदौली व अजीत निवासी कवयी पहाड़पुर थाना धीना जनपद चंदौली द्वारा गोवंशो को ग्राम कवयी पहाड़पुर, खरहनियां से पिकअप में लाद कर वध हेतु बिहार भिजवाया जाता है।
कोतवाल राम सजन नागर ने बताया कि आरोपितों के खिलाफ गोवध निवारण अधिनियम व पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। इस मामले में वांछित दो पशु तस्कर संजय व अजीत की तलाश की जा रही है।










