खेत जोतने के विवाद में फायरिंग करने वाले दो आरोपी असलहे के साथ गिरफ्तार

जमानियां (गाजीपुर)। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के जगदीशपुर गांव में खेत जोतने को लेकर हुए विवाद ने रविवार रात तूल पकड़ लिया। मामूली कहासुनी के बाद मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी के साथ विपक्षियों द्वारा हवाई फायरिंग की गई। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर 6 आरोपियों की तलाश शुरू की थी।

कोतवाली पुलिस के मुताबिक उपनिरीक्षक अरुण पांडेय हमराह पुलिस बल के साथ आरोपियों की तलाश में दबिश दे रहे थे। इसी दौरान बुद्धवार की देर रात करीब 11:40 बजे लहुआर सोनहरिया-सैदाबाद तिराहे के पास दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार किए गए अभियुक्त भगवान यादव (55 वर्ष) पुत्र गिरजा यादव व संदीप यादव (22 वर्ष) पुत्र शिवलाल सिंह यादव निवासी जगदीशपुर के पास से पुलिस ने तीन देशी तमंचा और तीन जिंदा कारतूस (315 बोर) बरामद किए हैं।

कोतवाल प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि घटना के बाद से ही शेष अभियुक्तों की तलाश में दबिश दी जा रही है। गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *